भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। भोपाल रेल मंडल ने बीते वर्ष अपने नाम कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उसकी इन्हीं उपलब्धियों को सराहते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को जबलपुर में आयोजित 67वे रेल सप्ताह समारोह में डीआरएम सौरभ बंदोपाध्याय व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रियंका दीक्षित समेत अधिकारियों को 10 दक्षता शील्ड, प्रमाण पत्र व अन्य पुरस्कार दिए हैं। इन्हें लेकर दोनों वरिष्ठ अधिकारी शनिवार सुबह 10 बजे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां रेलकर्मियों ने उनका भव्य स्वागत किया। मंडल को छह स्वतंत्र दक्षता शील्ड, चार संयुक्त दक्षता शील्ड मिली हैं। इनमें एक शील्ड रानी कमलापति-संतरागाछी साप्ताहिक एक्सप्रेस के नाम भी है। इस ट्रेन को मंडल की सबसे अधिक साफ-सुथरी ट्रेन होने का खिताब मिला है। इसके पूर्व यह उपलब्धि शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस के नाम थी। रानी कमलापति-संतरागाछी एक्सप्रेस भोपाल रेल मंडल की ट्रेन है, जो रानी कमलापति से संतरागाछी स्टेशन के बीच चलती है। इसमें...
more... आधुनिक सुविधा वाले लिंक हाफमैन बुश (एलएचबी) कोच लगे हैं।
भोपाल रेल मंडल के स्टेशनों से 14 ट्रेनें शुरू होती हैं। इनमें यह ट्रेन भी शामिल है। जिसका रखरखाव व साफ-सफाई रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के यार्ड में होता है, जो रेलवे के मापदंडों के आधार पर अन्य ट्रेनों की तुलना में अच्छा पाया गया है। वहीं मंडल के 36 रेलककर्मियों को सामूहिक पुरस्कार, पांच अधिकारी व 13 रेलकर्मियों को व्यक्तिगत पुरस्कार दिए गए। ये पुरस्कार शनिवार को भोपाल रेल मंडल कार्यालय में आयोजित समारोह में डीआरएम सौरभ बंदोपाध्याय द्वारा दिए गए हैं।
किसे क्या मिला
रेलवे के सुरक्षा, संरक्षा, संकेत एवं दूर संचार, स्क्रैप मैनेजमेंट, जनसंपर्क व बेस्ट रैक (कोचों का समूह) अनुरक्षण के लिए (22172/22171 रानी कमलापति-संतरागाछी-रानी कमलापति एक्सप्रेस को स्वतंत्र दक्षता शील्ड मिली है।
जनसंपर्क विभाग को भी शील्ड मिली
इनमें से जनसंपर्क विभाग को पहली बार अच्छा काम करने के लिए यह शील्ड मिली है, जो महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता द्वारा डीआरएम सौरभ बंदोपाध्याय, सीनियर डीसीएम प्रियंका दीक्षित व जनसंपर्क अधिकारी सूबेदार सिंह ने प्राप्त की है।
भोपाल रेल मंडल का अच्छा प्रदर्शन
पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल, कोटा व जबलपुर मंडलों में किए जाने वाले कामकाज का लेखा-जोखा तैयार कर अलग-अलग मापदंडों के आधार पर समीक्षा करता है। वर्ष 2021-22 में किए गए कामकाज की समीक्षा हो गई है। जिसमें भोपाल मंडल ने बेहतर प्रदर्शन किया है। अच्छा काम करने वालों में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक एकता अरोरा, मंडल परिचालन प्रबंधक शशांक गुप्ता, सहायक वाणिज्य प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी मानस रंजन परिडा, सहायक मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरओ) ममलेश यादव और कर्मचारियों में महेंद्र कुमार व्यास, रितु दुबे, विशाल त्रिपाठी, भारतेंदु शर्मा, प्रेमदास बढ़ई, रवींद्र शुक्ला, पुरुषोत्तम पाटीदार, जुनैद खान, अरुण शर्मा, मुकेश कुमार गुप्ता, भोला प्रसाद, सुरेश चंद्र विश्वकर्मा, मकसूद हसन सिद्दीकी शामिल हैं, जिन्हें डीआरएम ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया है।